दक्षिण अफ्रीकी चुनाव में एएनसी का परचम पर नहीं मिला दो तिहाई बहुमत
जोहांसबर्ग, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका की सत्ताधारी अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस (एएनसी) को पिछले दिनों संपन्न हुए आम चुनाव में निर्णायक जीत तो हासिल हो गई है, लेकिन वह दो तिहाई बहुमत से थोड़ा पीछे रह गई।
शनिवार को अंतिम रूप से घोषित परिणाम के अनुसार जैकब जुमा की एएनसी को 400 सीटों वाली नेशनल एसेंबली में 65.9 प्रतिशत मत प्राप्त हुए हैं, जबकि केपटाउन की मेयर हेलन जिली के डेमोकेट्रिक एलायंस (डीए) को 16.6 प्रतिशत मत हासिल हुए हैं। नवगठित कांग्रेस ऑफ द पीपुल को महज 7 प्रतिशत मत हासिल हुए हैं।
चुनाव आयोग शनिवार को बाद में परिणामों की पुष्टि करेगा और एएनसी को अधिकारिक रूप से विजयी घोषित करेगा।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन ने शुक्रवार की देर रात फोन पर सबसे पहले जुमा को जीत के लिए बधाई दी। जुमा कुछ ही दिनों के भीतर दक्षिण अफ्रीका के अगले राष्ट्रपति का पद संभालने वाले हैं।
बहरहाल, दो तिहाई बहुमत न मिल पाने के कारण एएनसी ने संसद के जरिए अपने दम पर संविधान संशोधन कर पाने का अधिकार खो दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications