शिवराज का राहुल पर प्रदेश सरकार को बदनाम करने का आरोप
पिछले दिनों राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश प्रवास के दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि में जमकर गोलमाल होने का आरोप लगाया था। गांधी ने यहां तक कहा था कि प्रदेश की जनता तक पांच फीसदी राशि भी नहीं पहुंच पा रही है। राहुल गांधी के इस आरोप का जवाब चौहान ने पत्र से दिया है।
मुख्यमंत्री द्वारा शनिवार को राहुल गांधी को लिखे गए खत में कहा गया है कि प्रदेश सरकार पर आरोप पूरी तरह अपने राजनैतिक ध्येय को पूरा करने के लिए लगाए गए हैं। पहले 15 फीसदी राशि के उपयोग की बात कही जाती है और कुछ ही दिन बाद वह 10 फीसदी पर आ जाती है, इतना ही नहीं मात्र सात दिन में यह आंकडा पांच फीसदी पर पहुंच जाता है। राहुल गांधी के इन तीनों वक्तव्यों की अखबारी कतरनें भी पत्र के साथ भेजी गई है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि एक तरफ प्रदेश सरकार के कामकाज की केंद्र सरकार और उसके मंत्रालयों द्वारा सराहना की जाती है। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं, पंचायती राज के क्षेत्र में कई पुरस्कार भी राज्य सरकार के हिस्से में आते है। वहीं दूसरी ओर राजनैतिक मंचों से सरकार के कामकाज की आलोचना होती है।
उन्होंने कहा कि इस तरह का अंतर्विरोध उनके (राहुल गांधी) राजनीति के कैरियर की शुरुआत में अच्छा नहीं कहा जा सकता। राहुल गांधी को चौहान ने सलाह दी है कि वह नेताओं द्वारा कान में कहीं जाने वाली बातों पर ज्यादा भरोसा न करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications