बिहार सरकार ने गरीबों की उपेक्षा की : राहुल गांधी
अररिया में कांग्रेस प्रत्याशी शकील अहमद खान के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्रीय योजनाओं की राशि यहां बिना खर्च हुए पड़ी हुई है। यहां तक कि रोजगार गारंटी योजना तथा सर्व शिक्षा अभियान पर भी सही ढंग से अमल नहीं हुआ।
गांधी ने कहा कि जब बिहार में कोसी की बाढ़ आई थी तब भी वह बिहार आए थे परंतु यहां के बाढ़ प्रभावित लोगों को कुछ नहीं मिला था। उन्होंने कहा कि यहां तक कि राज्य का कोई अधिकारी भी उन स्थलों पर नहीं गया था। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भी केन्द्र सरकार द्वारा राहत सामग्री भेजी गई परंतु वह भी प्रभावित लोगों को सही ढंग से मुहैया नहीं हो पाई।
उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) में प्रधानमंत्री को लेकर कोई विवाद नहीं है। उन्होंने मनमोहन सिंह पर कमजोर प्रधानमंत्री के आरोप को नकारते हुए कहा कि मनमोहन सिंह देश को सही एवं प्रगति के दिशा में ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है वही करती है। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए कांग्रेस ही सोचती और करती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications