एसटीएफ ने कुख्यात डकैत ठोकिया के भाई को गिरफ्तार किया
प्रदेश के अपर-पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) ब्रजलाल ने शनिवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि एसटीएफ दल ने सूचना के आधार पर आज तड़के चित्रकूट के भरतकूप इलाके में कुख्यात डकैत दीपक उर्फ अवधेश पटेल और उसके एक साथी शिव नरेश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से दो रायफल और दो माउजर सहित भारी मात्रा में जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।
लाल ने बताया कि एसटीएफ द्वारा पिछले साल बुंदेलखंड के कुख्यात डकैत ठोकिया के अंत के बाद उसका भाई दीपक पटेल उसका गैंग चला रहा था।
उन्होंने कहा कि दीपक उर्फ अवधेश पटेल के गिरोह का जनता में आतंक एवं भय देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उस पर व शिव नरेश पर पचास- पचास हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इसके अलावा मध्य-प्रदेश सरकार ने भी दीपक पटेल पर पंद्रह हजार और शिव नरेश पर दस हजार का इनाम घोषित कर रखा था।
लाल के मुताबिक गिरफ्तार दोनों डकैतों पर हत्या, अपहरण और लूट के दर्जनों मामले दर्ज हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications