गुड़गांव में ग्रामीण मतदाताओं को लुभाने की होड़
गुड़गांव, 25 अप्रैल(आईएएनएस)। मतदान के प्रति अमीर मतदाताओं की बढ़ती उदासीनता को देखते हुए यहां सभी राजनीतिक पार्टियां गरीब व ग्रामीण मतदाताओं को लुभाने में ज्यादा ऊर्जा लगा रही हैं। नेता यह मान चुके हैं कि गगनचुंबी इमारतों, सोसायटियों और कोठियों में रहने वाले मतदाता वोट गिराने के लिए कतारों में कम ही नजर आएंगे।
गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रचार प्रभारी तिलकराज मल्होत्रा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "रईस व धनी मतदाताओं की मतदान में दिलचस्पी कम रही है। इनमें से कई के पास तो मतदाता पहचान पत्र भी नहीं है।"
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी विकास के मुद्दे पर वोट मांग रही है। ओल्ड गुड़गांव की हालत वाकई बुरी है। यहां यातायात की दशा कितनी खराब है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहां एक भी ट्रैफिक लाइट नहीं है। इस इलाके में ग्रामीण मतदाताओं की तादाद काफी है। भाजपा उम्मीदवार सुधा यादव यहां के ग्रामीण इलाकों पर खास फोकस कर रही हैं।
कांग्रेस यहां एक सैनिक स्कूल की स्थापना को अपनी बड़ी उपलब्धि बताकर जनता को प्रभावित कर रही है। यहां से मौजूदा कांग्रेसी सांसद राव इंदरजीत सिंह रक्षा उत्पादन मंत्री हैं। जिला कांग्रेस कमिटी(शहरी गुड़गांव) के प्रमुख मदन लाल ग्रोवर कहते हैं, "हमने इस संसदीय क्षेत्र के मेवात इलाके में सैनिकों की बहाली आयोजित की थी। हमने कई और पहल की। हम जनता को अपनी उपलब्धियों से अवगत करा रहे हैं।"
भाजपा भी मेवात क्षेत्र को खास तवज्जो दे रही है, वहीं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवार जाकिर हुसैन भी ग्रामीण मतदाताओं को लुभाने में लग हैं। दलित और मुस्लिम वोट बैंक वह सेंध लगा सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications