भारत घुसपैठ से निपटने में पूरी तरह सक्षम: बीएसएफ प्रमुख
अगरतला, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में सीमा पार से होने वाले किसी भी तरह के सशस्त्र घसपैठ के प्रयास से निपटने में भारतीय सुरक्षा बल पूरी तरह सक्षम हैं। यह बात शनिवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक एम.एल.कुमावत ने यहां कही।
कुमावत ने संवाददाताओं को बताया, "सशस्त्र तालिबानी आतंकवादियों की ओर से किसी किस्म की घुसपैठ की कोई हालांकि कोई विशिष्ट रिपोर्ट नहीं है लेकिन भारत घुसपैठियों को मुंहतोड़ जवाब देने में पूरी तरह तैयार है।"
उन्होंने कहा, "गंभीर चिंता की बात यह है कि प्रमुख आतंकवादी संगठन अब भी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सक्रिय हैं और उनके ढांचे ज्यों के त्यों हैं।"
कुमावत बीएसएफ के अधिकारियों के साथ सीमा प्रबंधन संबंधी रणनीतियों की समीक्षा के लिए त्रिपुरा दौरे पर हैं।
उन्होंने कहा कि भारत बांग्लादेश से सटी 4905 किलोमीटर अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा चौकियों की संख्या 1411 से बढ़ाकर 1882 करके और अत्याधुनिक हथियारों और उपकरणों से लैस बीएसएफ के अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर चौकसी और बढ़ाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्वी और पश्चिमी सरहदों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए भारत सरकार ने बीएसएफ की 29 अतिरिक्त बटालियनें मंजूर की हैं।
कुमावत ने कहा, "बांग्लादेश राइफल्स (बीडीआर) की बगावत के बाद बांग्लादेश से सटी सीमा पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और हमारे जवान बेहद चौकसी बरत रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि बीडीआर ने कई तरह की मदद मांगी है और बांग्लादेश के मित्र राष्ट्र होने की वजह से भारत उसे हर तरह का समर्थन देगा।
उन्होंने कहा, "बांग्लादेश सरकार पूर्वोत्तर के आतंकवादियों के विभिन्न शिविर नष्ट कर दिए हैं और नई सरकार के गठन के बाद बांग्लादेश सरकार ने हमें आश्वासन दिया है कि वह किसी भी अलगाववादी भारतीय संगठन को शरण नहीं देगी।"
उन्होंने कहा, "बाढ़ लगने के बाद सीमा पर होने वाले अपराधों में काफी कमी आई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications