तालिबान के हटने से बुनेर में स्थिति सामान्य होने लगी
इस सप्ताह के आरंभ में बुनेर जिले पर पूरी तरह कब्जा करने वाले तालिबान ने मौलाना सूफी मुहम्मद के एक सरकारी प्रतिनिधि से वार्ता के बाद शुक्रवार को जिले से हटना आरंभ कर दिया।
उल्लेखनीय है कि सूफी मुहम्मद ने पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के सात जिले जिन्हें सामूहिक रूप से मलकंद डिविजन के नाम से जाना जाता है, में शरिया लागू करने संबंधी 16 फरवरी के विवादास्पद शांति समझौते की मध्यस्थता की थी। शरिया लागू होने के बाद तालिबान ने हथियार डालने का वादा किया था।
इसके बजाए तालिबानी आतंकवादी स्वात के अपने मुख्यालय से निकल कर दक्षिण में बुनेर पहुंच गए। इससे भयभीत लोग अपने घरों में बंद हो गए।
शुक्रवार को सेना प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कयानी ने तालिबान को एक कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सेना पूरी तरह सरकार के साथ है। इस बात की भी रिपोर्ट है कि तालिबान के शांति समझौते का सम्मान नहीं करने की स्थिति में सेना कार्रवाई करने को पूरी तरह तैयार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications