श्रीलंका की स्थिति से भारत चिंतित, नारायणन और मेनन कोलंबो जाएंगे
विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि ये दो दूत राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम.के.नारायणन और विदेश सचिव शिवशंकर मेनन हैं।
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने एक बयान में कहा कि श्रीलंका में जारी लगातार हत्याओं से भारत अप्रसन्न है। वहां हिंसा तत्काल बंद होनी चाहिए।
मुखर्जी ने कहा कि भारत सरकार गहरी चिंता के साथ श्रीलंका की स्थिति पर नजर रखे हुए है। सरकार विशेषकर युद्ध क्षेत्र में फंसे तमिल नागरिकों की हालत को लेकर बेहद चिंतित है।
मुखर्जी ने कहा कि नो फायर जोन से पिछले तीन दिनों में एक लाख से भी अधिक नागरिक सरकार के नियंत्रण वाले क्षेत्र में पहुंच चुके हैं लेकिन अभी भी कई हजार लोगों का जीवन खतरे में है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में भारत की चिंता से श्रीलंका सरकार को अवगत करा दिया गया है और भारत ने दो विशेष दूतों को श्रीलंका भेजने का निर्णय लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications