भारत से संबंध सुधारने की प्रक्रिया जारी रखे पाकिस्तान : अमेरिका
वाशिंगटन, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका चाहता है कि पाकिस्तान भारत के साथ संबंध सुधारे और उसके साथ विश्वास बहाली के उपाय जारी रखे।
दरअसल अमेरिका इस बात को लेकर चिंतित है कि कहीं परमाणु क्षमता संपन्न दोनों देशों में कश्मीर मुद्दे को लेकर लड़ाई न छिड़ जाए।
विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने बुधवार को हाउस के एक पैनल को बताया कि इसके साथ ही अमेरिका भारत सरकार के साथ मिलकर यह सुनिश्चत करने का प्रयास कर रहा है कि भारत नवंबर में मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों के बाद दिखाए गए अद्भुत धर्य को बरकरार रखे।
क्लिंटन ने कहा, "हम पाकिस्तान सरकार को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं कि वह भारत के साथ बातचीत करे और पहले से अपनाए गए विश्वास बहाली के उपायों को भी जारी रखे।"
क्लिंटन ने कहा कि यदि कश्मीर में लड़ाई छिड़ती है और आतंकवादी नियंत्रण रेखा को पार करते हैं तो स्थिति बिगड़ जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे में देखना होगा कि क्या पाकिस्तानी सेना नियंत्रण रेखा पर ही बनी रहती है या फिर वह अपना ध्यान आतंकवादियों की ओर लगाती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications