कांग्रेसनीत सरकार को समर्थन देने के सवाल पर माकपा में मतभेद!
एक ओर जहां पार्टी महासचिव प्रकाश करात इस बात पर दृढ़ हैं कि वामपंथी कांग्रेस सरकार को समर्थन नहीं देंगे, वहीं पश्चिम बंगाल में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने समर्थन की संभावना से इंकार नहीं किया है।
प्रकाश करात ने शुक्रवार को एक बार फिर दोहराया, "चुनाव बाद हम एक गैर कांग्रेसी धर्मनिरपेक्ष सरकार के लिए प्रयास करेंगे।"
लेकिन पोलित ब्यूरो में उनके वरिष्ठ सहयोगी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य और पार्टी की राज्य इकाई के सचिव बिमान बोस करात के विचार से सहमत नहीं दिखाई देते।
बोस ने कोलकाता में पिछले सप्ताह संवाददाताओं से कहा था, "हम चुनाव परिणाम आ जाने के बाद ही सरकार गठन के बारे में कोई टिप्पणी कर पाने की स्थिति में होंगे। वैसे सभी विकल्प खुले हैं।"
दूसरी ओर मुख्यमंत्री भट्टाचार्य ने सीएनएन-आईबीएन चैनल के साथ शुक्रवार को एक साक्षात्कार में कहा, "हम कांग्रेस के साथ चुनाव बाद के किसी गठबंधन पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं। चुनाव बाद जो परिस्थिति पैदा होगी हम उस पर उसी समय चर्चा करेंगे।"
भट्टाचार्य ने नई सरकार में वामपंथी पार्टियों के शामिल होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया।
उन्होंने कहा, "हमने पोलित ब्यूरो में चर्चा की है और तय किया है कि यदि हम सरकार में कोई अर्थपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं तो हम उस पर विचार कर सकते हैं और सरकार में शामिल हो सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications