केंद्र की योजनाओं को अपनी बता कर वाहवाही लूट रहे हैं मोदी : सोनिया
गुजरात में अपनी पहली चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सोनिया ने राजकोट जिले के जेतपुर में कहा, "गुजरात की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार संप्रग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को अपना बताकर वाहवाही लूट रही है।"
उन्होंने कहा, "सुजलम् सुफलाम्, लाडली और धनलक्ष्मी जैसी योजनाएं केंद्र सरकार की है। राज्य सरकार इसे अपना बता रही है और इसका श्रेय ले रही है।"
सोनिया ने कहा कि मोदी भारी भरकम निवेश का दावा करते हैं जबकि सच्चाई यह है कि राज्य की कई औद्योगिक ईकाइयां बंद होने की कगार पर हैं।
उन्होंने कहा, "गुजरात सरकार ने यहां हीरा उद्योग से जुड़े कारीगरों के लिए कुछ नहीं किया। आज ये लोग बेकार हैं। गुजरात सरकार ने किसानों के प्रति जो बेरूखी दिखाई है वह देश के किसी दूसरे राज्य में देखने को नहीं मिलती है।"
हाल में हुए आतंकवादी हमलों के लिए भाजपा द्वारा संप्रग को जिम्मेदार ठहराए जाने पर सोनिया ने कहा कि मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले के बाद संप्रग सरकार ने पाकिस्तान पर इस कदर दबाव बनाया कि उसे स्वीकार करना पड़ा कि आतंकवादी गतिविधियों के लिए उसकी भूमि का इस्तेमाल हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications