असम में अलगाववादियों का घातक हमला, बाल-बाल बचे सांसद
पुलिस के अनुसार अलगाववादियों ने यह हमला गुवाहाटी से लगभग 360 किलोमीटर पश्चिम कोकराझार जिले के पनिजा गांव के पास दिन में दोपहर के आसपास किया।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "बविसमुथियारी के नेतृत्व में जा रहे लगभग 50 वाहनों के एक काफिले पर आतंकियों ने स्वचालित हथियारों से हमला बोल दिया। इस हमले में एक वाहन चालक और एक पुलिस कर्मी की मौत हो गई। बविसमुथियारी के साथ चल रहे एक व्यक्ति को चोटें आई हैं।"
बविसमुथियारी कोकराझार से उसी जिले के पनबारी इलाके में जा रहे थे। उस इलाके में गुरुवार की रात उनके कुछ समर्थकों के घर जला दिए गए थे। उन्हें उस घटना का जायजा लेना था। लेकिन रास्ते में उनके काफिले पर आतंकियों ने हमला बोल दिया।
बविसमुथियारी ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "मेरी कार काफिले के बीच में थी, लिहाजा मैं हमले में बच गया। लेकिन छह-सात वाहनों को गोलियां लगी हैं। पत्रकारों को ले जा रही एक कार में भी कई गोलियां लगी हैं।"
उन्होंने कहा, "हमला घातक था और हमले के कारण कम से कम तीन-चार वाहन सड़क से अनियंत्रित होकर पास की खाइयों में जा गिरे। वाकई में हम लोग आश्चर्यजनक तरीके से बच गए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications