घायल तमिल नागरिकों से पटा अस्पताल
उत्तरी प्रांत में स्थित वावूनिया अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्रालय के कर्मचारियों और अंतर्राष्ट्रीय गैर सरकारी संगठन मेडिसिन्स सैन्स फ्रंटियर्स (एमएसएफ) के साथ काम कर रहे एक चिकित्सक पॉल मैकमास्टर ने कहा, "हम अति गंभीर रूप से घायल रोगियों के इलाज कर रहे हैं। पिछले तीन-चार दिनों के भीतर रोगियों की संख्या में तेजी के साथ बढ़ोतरी हुई है। लिहाजा हम बुरी तरह घायल लोगों का एक हुजूम-सा देख रहे हैं, जिन्हें हमारे पास इलाज के लिए लाया जा रहा है।"
एमएसएफ की ओर से जारी एक बयान में मैकमास्टर ने कहा है, "हमारे अस्पताल में 450 बिस्तर हैं, जबकि फिलहाल अस्पताल में 1,700 से अधिक रोगी आ चुके हैं। वे सब अस्पताल की फर्श पर, गलियारे में और अस्पताल के बाहर पड़े हुए हैं। लिहाजा अस्पताल की व्यवस्था चरमराने के करीब है।"
मैकमास्टर ने कहा है, "हम ढेर सारी शल्य चिकित्साएं कर रहे हैं। बहुतों के शरीर के निचले हिस्से या तो बुरी तरह घायल हैं या पूरी तरह से उड़ गए हैं। ऐसे कुछ रोगी अस्पताल पहुंचने के पहले रास्ते में बसों में ही दम तोड़ दे रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications