बिहार: मतदान के बाद उम्मीदवारों ने ली राहत की सांस
पटना, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में बिहार की 13 संसदीय सीटों के लिए संपन्न हो चुके मतदान के बाद इस चरण में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार अब राहत महसूस कर रहे हैं। वैसे कुछ उम्मीदवार तो अन्य क्षेत्रों में जाकर तीसरे चरण के चुनाव प्रचार में जुट गए हैं और कुछ अपनी जीत और हार का गणित जानने और समझने के प्रयासों में जुट गए हैं।
दरभंगा संसदीय क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी एवं केन्द्रीय मंत्री मोहम्मद अली अशरफ फातमी ने मतदान के बाद कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर आज संभावित परिणामों का आकलन किया। पश्चिम चंपारण संसदीय क्षेत्र से लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रत्याशी एवं फिल्मकार प्रकाश झा हार-जीत की चिंता छोड़ अपने संसदीय क्षेत्र में लोगों से मिलने के लिए निकल गए हैं।
प्रकाश झा का कहना है कि उनके लिए चुनाव मुद्दा नहीं है लोगों की सेवा करना मुद्दा है। वह कहते हैं, "हार हो यां जीत, मैं इन लोगों की समस्याओं के लिए लड़ता रहूंगा और इनके बीच ही रहूंगा। "
लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान अन्य क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के लिए निकल गए हैं तो पूर्वी चंपारण से भाजपा प्रत्याशी राधामोहन सिंह भी अन्य क्षेत्रों में जाकर पार्टी का प्रचार करने में जुटे हुए हैं।
दरभंगा संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी एवं पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी कीर्ति आजाद ने कहा कि मतदान समाप्त होने से चैन तो मिला है, परंतु अब वह अन्य जगहों पर जाकर पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। उन्होंने बताया कि अपना चुनाव संपन्न होने के बाद घूमने फिरने का फिलहाल कोई कार्यक्रम अभी तक तय नहीं है।
उल्लेखनीय है कि बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से दूसरे चरण में गुरुवार को 13 सीटों पर मतदान हुआ था। इसके पूर्व प्रथम चरण में 13 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications