भारत ने खालिदा जिया से राजनयिक संपर्क किया
ढाका, 24 अप्रैल(आईएएनएस)। भारत और बांग्लादेश ने सभी स्तरों पर द्विपक्षीय रिश्ते मजबूत बनाने पर सहमति जताई है। भारतीय उच्चायुक्त पिनाक रंजन चक्रवर्ती ने बांग्लादेश की विपक्षी नेता और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया से मुलाकात के बाद यह कहा।
चक्रवर्ती और खालिदा की मुलाकात दो घंटों तक चली। इससे पहले जब विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने ढाका की यात्रा के दौरान खालिदा से मुलकात के लिए वक्त नहीं निकाला था, तो मीडिया ने खालिदा के प्रति भारत के रवैये की आलोचना की थी। 'न्यू एज' अखबार ने लिखा था कि जब मौजूदा प्रधानमंत्री शेख हसीना विपक्ष की नेता हुआ करती थीं तो मुखर्जी ने अपनी ढाका यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात की थी। फिर खालिदा के साथ ऐसा भेदभाव क्यों? भारत पर हसीना की तरफदारी करने का आरोप लगता रहा है।
चक्रवर्ती की मुलाकात को भारत द्वारा खालिदा को उचित सम्मान और महत्ता दिए जाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। चक्रवर्ती ने कहा, "हमने कई पड़ोसी मुल्कों के ताजा घटनाक्रम पर भी बातचीत की। खालिदा ने द्विपक्षीय रिश्ते और ऊंचाई पर पहुंचाने की इच्छा जाहिर की है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications