चुनावी िंहंसा : झारखंड व बिहार में नक्सली हमले, असम में जवान शहीद (लीड-4)
झारखंड में नक्सलियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक कैंप पर हमला किया, वहीं बिहार में बारुदी सुरंग विस्फोट किया। असम में अलगाववादियों के हमले में जवान शहीद हो गया जबकि आंध्र प्रदेश व उत्तर प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं, जिसमें एक की मौत हो गई।
झारखंड में गुरुवार तड़के नक्सलियों ने पश्चिमी सिंघभूम जिले में सीआरपीएफ कैंप पर हमला करने के अलावा राज्य के कई मतदान केंद्रों के समीप बारुदी सुरंग विस्फोट किए। जिले में नक्सलियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच गोलीबारी भी हुई। इससे पूर्व बुधवार देर रात उन्होंने पलामू जिले के चियांकी रेलवे स्टेशन पर भी विस्फोट किया था।
पुलिस के अनुसार गिरिडीह जिले के कालामाझो गांव में बारुदी सुरंग विस्फोट में तीन लोग घायल हो गए, जिसमें दो मतदानकर्मी शामिल हैं। ये सभी मतदान केंद्र जा रहे थे। इसके अलावा जमशेदपुर के बाटो मतदान केंद्र के समीप भी नक्सलियों ने बारुदी सुरंग विस्फोट किया।
पुलिस के अनुसार नक्सलियों ने चियांकी रेलवे स्टेशन के बाहरी केबिन को बम विस्फोट से उड़ा दिया और गिरिडीह-डुमरी मार्ग को अवरुद्ध कर दिया था।
बिहार के मोतिहारी जिले के पताही थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने गुरुवार को गश्त कर रही पुलिस जीप को निशाना बनाकर बारूदी सुरंग विस्फोट किया। इस मामले में एक नक्सली को गिरफ्तार भी किया गया है। राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया कि गश्त कर रही पुलिस जीप जैसे ही भितिहरवा गांव के नजदीक पहुंची वैसे ही नक्सलियों ने विस्फोट कर दिया। इसके बाद नक्सलियों ने गोलीबारी प्रारंभ कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण नक्सली भाग गए।
असम के उत्तरी कछार पहाड़ी जिले में अलगाववादियों ने सेना पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें एक जवान शहीद हो गया, जबकि दो घायल हो गए। पुलिस प्रवक्ता ए.दास ने आईएएनएस को बताया कि अलगाववादियों ने उत्तरी कछार पहाड़ी जिले के तीन जगहों पर सेना के जवानों पर अंधाधुंध गोलीबारी की।
दास ने कहा कि सेना पर हमला प्रतिबंधित संगठन दिमा हाओलाम दाओगा (डीएचडी) के विद्रोहियों ने किया था। इन्हें ब्लैक विडो के नाम से जाना जाता है। उत्तरी कछार पहाड़ी जिले में 16 अप्रैल को मतदान हुआ था।
उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया में बाधा पहुंचने की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने सुल्तानपुर जिले के इसौली से सपा विधायक इंद्रभद्र सिंह ऊर्फ सोनू यादव समेत कुछ और नेताओं को नजरबंद कर दिया है।
सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक संजय श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि इसके अलावा जिले के जगदीशपुर इलाके में भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी संजय सिंह के समर्थकों में भिड़ंत हो गई। जगदीशपुर के थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है। श्रावस्ती के गिलौला में कांग्रेस और बसपा के कार्यकर्ताओं के बीच झ्झड़प हुई।
आंध्र प्रदेश में लोकसभा की 20 और विधानसभा की 150 सीटों के लिए दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। प्रकाशम जिले में सत्ताधारी कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल तेलुगू देशम पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हुई। पुलिस ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए कांग्रेस और तेलुगू देशम पार्टी के एक-एक उम्मीदवारों को नजरबंद कर दिया।
पुलिस के अनुसार राज्य के काडापा, अनंतपुर, चित्तुर, कुरनुल, प्रकाशम और नेलौर जिले में कांग्रेस, तेलुगू देशम पार्टी और अभिनेता से नेता बने चिरंजीवी की पार्टी प्रजा राज्यम पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुई।
गुंटुर जिले में शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस ने रेपाल्ले विधानसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार एम.वेंकटरमण राव और उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी तेलुगू देशम पार्टी के उम्मीदवार ए.सत्यप्रसाद को नजरबंद कर दिया।
उल्लेखनीय है कि दूसरे चरण में आंध्र प्रदेश की 20, असम की 11, बिहार की 13, गोवा की दो, जम्मू एवं कश्मीर की एक, कर्नाटक की 17, मध्य प्रदेश की 13, महाराष्ट्र की 25, उड़ीसा की 11, त्रिपुरा की दो, उत्तर प्रदेश की 17 और झारखंड की आठ सीटों पर मतदान हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications