उत्तर प्रदेश के दो गांवों ने किया मतदान का बहिष्कार
प्रदेश के गोंडा जिले में गुरुवार को यह घटना हुई। जिले के जानकी और फगुइयां गांव के 650 मतदाताओं ने आज संपन्न हुए दूसरे चरण के मतदान का पूरी तरह से बहिष्कार किया और अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करने से मना कर दिया।
गोंडा के मुख्य विकास अधिकारी राजबहादुर सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जानकी और फगुइयां गांव का एक भी मतदाता मतदान केंद्र तक नहीं गया।
करीब एक हजार लोगों की आबादी वाले इन गांवों के लोग पिछले एक दशक से सड़क, बिजली, पानी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है।
फगुइया गांव के किसान सुखलाल ने कहा, "पिछले कई सालों से चुनाव के समय नेता आते हैं और सारी सुविधाएं दिलाने की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। लेकिन चुनावी नतीजे आने के बाद कोई झांकने भी नहीं आता कि हम जी रहे हैं या मर रहे हैं। राजनेताओं के झूठे वादों से तंग आकर इस बार दोनों गांवों के लोगों ने मतदान का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया।"
हालांकि जिला प्रशासन ने दोनों गांवों के ग्रामीणों से मतदान केंद्र पर जाकर मतदान करने की बहुत चिरौरी की लेकिन वे नहीं माने और अपने फैसले पर कायम रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा, "हमने ग्रामीणों को मतदान करने के लिए बहुत समझाया बुझाया लेकिन ग्रामीण मतदान का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने के अपने निश्चय पर अटल रहे।"
अधिकारी के मुताबिक शाम चार बजे तक दोनों गांव के एक भी व्यक्ति ने मतदान नहीं किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications