भारत ने नेपाल से अपने राजदूत को आपात चर्चा के लिए बुलाया
काठमांडू, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल में सेना प्रमुख की संभावित बर्खास्तगी का मुद्दा सड़कों पर पहुंचने और माओवादियों के सैन्य मुख्यालय पर जनता के कब्जे का खतरा पैदा होने के बाद गुरुवार को भारत ने अपने राजदूत राकेश सूद को आपातकालीन चर्चा के लिए बुलाया है।
सूद ने नेपाल के जल संसाधन मंत्री विष्णु पोडेल के साथ अपनी मुलाकात रद्द की और दोपहर बाद की दिल्ली उड़ान पकड़ी। वह मंत्री को भारत की 10 करोड़ रुपये की सहायता राशि सौंपने वाले थे।
भारत रवाना होने से पहले सूद ने नेपाल को सर्वाधिक सहायता देने वाले सात अन्य देशों के राजदूतों के साथ प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' से भेंट की और नेपाल की बड़ी राजनीतिक पार्टियों में बढ़ते मतभेदों और इसके शांति प्रक्रिया पर पड़ने वाले प्रभाव के संबंध में चिंता जताई।
भारत के अलावा ब्रिटेन, अमेरिका, चीन, जापान, फिनलैंड, नार्वे और जर्मनी के राजदूत प्रचंड के साथ हुई बैठक में शामिल थे।
प्रचंड के मीडिया सलाहकार ओम शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि भारत ने बड़ी पार्टियों को एक साथ काम करने का आग्रह करते हुए शांति प्रक्रिया के प्रति अपना समर्थन दोहराया।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने राजदूतों के प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि माओवादी पार्टी भी शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications