दूसरा चरण : छिटपुट हिंसा के बीच संपन्न हुआ मतदान (लीड-4)
इस चरण में महाराष्ट्र की 25, आंध्र प्रदेश की 20, कर्नाटक व उत्तर प्रदेश की 17-17, बिहार और मध्य प्रदेश की 13-13, असम और उड़ीसा की 11-11, झारखंड की आठ, गोवा और त्रिपुरा की दो-दो और जम्मू एवं कश्मीर की एक संसदीय सीट पर मतदान हुआ।
प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी गुरशरण कौर ने गुवाहाटी में, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने बारामती में, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने हाजीपुर में और केंद्रीय मंत्री कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में अपने-अपने मताधिकार का उपयोग किया।
दूसरे चरण में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्रियों में शरद पवार, रामविलास पासवान, कमलनाथ, रघुवंश प्रसाद सिंह, रघुनाथ झा, अखिलेश प्रसाद सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष शिबू सोरेन जैसे दिग्गजों का राजनीतिक भविष्य इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गया।
देश के अधिकांश क्षेत्रों में शुरुआत में मतदान की रफ्तार धीमी रही लेकिन दिन ढलने के साथ-साथ मतदान की गति में भी वृद्धि दर्ज की गई।
झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश में छिटपुट हिंसा हुई। झारखंड में नक्सलियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक कैंप पर हमला किया, वहीं असम में अलगाववादियों के हमले में एक जवान शहीद हो गया। आंध्र प्रदेश व उत्तर प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं।
मध्य प्रदेश में बीमारी के कारण चार मतदानकर्मियों की मौत हो गई। दो चुनाव कर्मियों की मौत भोपाल में बुधवार को हुई थी। शहडोल तथा होशंगाबाद में एक-एक कर्मचारी की मौत गुरुवार को हुई। राज्य में पड़ रही बेतहाशा गर्मी को इन मौतों का कारण बताया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दिसपुर सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में पत्नी गुरशरण कौर के साथ मतदान किया। मतदान करने के बाद प्रधानमंत्री ने रोमांचित महसूस किया। उन्होंने कहा, "मैं सही मायने में घर में वोट डालकर काफी रोमांचित हूं। यह सभी भारतीयों का कर्तव्य है कि वे अपना वोट डालें।"
उन्होंने कहा, "मैं मतदान को लेकर तनाव में नहीं हूं। हमारा प्रदर्शन काफी अच्छा रहेगा। केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की ही सरकार बनेगी।"
मध्य प्रदेश के 13 संसदीय क्षेत्रों में मतदान शान्तिपूर्वक संपन्न हुआ। कुछ स्थानों पर आंशिक विवाद हुए और तीन स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद उन्हें बदला गया।
मतदान संपन्न होने के साथ ही यहां केंद्रीय मंत्री कमलनाथ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सुषमा स्वराज, फग्गन सिंह कुलस्ते, कैलाश जोशी और केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह की बेटी व निर्दलीय प्रत्याशी वीणा सिंह समेत 198 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद हो गया। इस चरण में 1,71,78, 538 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
बिहार में दूसरे चरण में हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच 13 लोकसभा सीटों के लिए मतदान संपन्न हुआ। आज संपन्न हुए मतदान में राज्य के जिन 189 उम्मीदवारों का भाग्य इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (इवीएम) में बंद हो गया, उनमें केन्द्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह, रामविलास पासवान, अली अशरफ फातमी, शकील अहमद, रघुनाथ झा और अखिलेश प्रसाद सिंह के अलावा जार्ज फर्नाडीस जैसे दिग्गज नेता और फिल्मकार प्रकाश झा शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 17 सीटों के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। मतदान के दौरान कहीं-कहीं हिंसा की छिटपुट घटनाएं हुई।
सुबह सात बजे से शुरू मतदान की रफ्तार शुरुआती घंटों में धीमी रही, लेकिन जैस-जैसे दिन ढलता गया मतदान केंद्रों पर कतारें लंबी होने लगीं।
मतदान के दौरान सुल्तानपुर और श्रावस्ती में कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ताओं के बीच छिटपुट झड़पें हुईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications