हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच दूसरे चरण का मतदान संपन्न
इस चरण में महाराष्ट्र की 25, आंध्र प्रदेश की 20, कर्नाटक व उत्तर प्रदेश की 17-17, बिहार और मध्य प्रदेश की 13-13, असम और उड़ीसा की 11-11, झारखंड की आठ, गोवा और त्रिपुरा की दो-दो और जम्मू एवं कश्मीर की एक संसदीय सीट पर मतदान हुआ।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर ने गुवाहाटी में, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने बारामती में, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने हाजीपुर में और केंद्रीय मंत्री कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में अपने-अपने मतधिकार का उपयोग किया।
झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश में छिटपुट हिंसा हुई। झारखंड में नक्सलियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक कैंप पर हमला किया, वहीं असम में अलगाववादियों के हमले में एक जवान शहीद हो गया। आंध्र प्रदेश व उत्तर प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं।
दूसरे चरण में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान, केंद्रीय मंत्रियों में कमलनाथ, रघुवंश प्रसाद सिंह, रघुनाथ झा, अखिलेश प्रसाद सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष शिबू सोरेन जैसे दिग्गजों का राजनीतिक भविष्य इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications