317 अंक उछलकर सेंसेक्स 11,000 के ऊपर (राउंडअप)
बीएसई में पूंजीगत वस्तुओं को छोड़कर लगभग सभी सेक्टरों ने बढ़त में कारोबार किया। सूचना प्रौद्योगिकी, धातु, रियल्टी, आटो, बैंकिंग आदि सेक्टरों के सूचकांक तीन से पांच फीसदी तक उछल गए। कारोबार के दौरान क्रमश: सेंसेक्स व निफ्टी 11,000 व 3,400 के मनोवैज्ञानिक स्तर से ऊपर निकल गए।
गुरुवार को कारोबार के दौरान बीएसई में विप्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिस, एनटीपीसी, ओएनजीसी, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस और लार्सन एंड टूब्रो (एल एंड टी) आदि कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेजी आई।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' गुरुवार को पिछले बंद के मुकाबले 24.03 अंकों की तेजी के साथ 10,841.57 पर खुला। सेंसेक्स 11,203.28 के ऊपरी व 10,758.97 के निचले स्तर पर कारोबार करने के बाद अंतत: 11,134.99 पर बंद हुआ।
मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी बढ़त आई। मिडकैप सूचकांक 51.40 अंकों की तेजी के साथ 3,534.18 पर व स्मालकैप सूचकांक 37.10 अंक की बढ़त के साथ 3,999.78 पर रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' पिछले बंद के मुकाबले गुरुवार को 0.20 अंक की गिरावट के साथ 3,330.50 पर खुला। निफ्टी 93.40 अंकों की बढ़त के साथ 3,423.70 पर बंद हुआ। निफ्टी ने आज 3,439.90 के ऊपरी व 3,310.50 के निचले स्तर के बीच कारोबार किया।
बीएसई में कारोबार का रुख सकारात्मक रहा। यहां 1,444 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेजी और 1,053 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट आई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications