दूसरा चरण : प्रधानमंत्री ने भी डाला मत, छिटपुट हिंसा के बीच शांतिपूर्ण मतदान (लीड-3)

दूसरे चरण में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान, केंद्रीय मंत्रियों में कमलनाथ, रघुवंश प्रसाद सिंह, रघुनाथ झा, अखिलेश प्रसाद सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष शिबू सोरेन जैसे दिग्गजों का राजनीतिक भविष्य दांव पर है।

दिन ढलने के साथ-साथ मतदान की गति में भी वृद्धि दर्ज की गई। अधिकांश इलाकों में शुरुआती दौर में मतदान की रफ्तार धीमी रही।

झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश में छिटपुट हिंसा हुई। झारखंड में नक्सलियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक कैंप पर हमला किया, वहीं असम में अलगाववादियों के हमले में एक जवान शहीद हो गया। आंध्र प्रदेश व उत्तर प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं।

मध्य प्रदेश में बीमारी के कारण चार मतदानकर्मियों की मौत हो गई। दो चुनाव कर्मियों की मौत भोपाल में बुधवार को हुई थी। शहडोल तथा होशंगाबाद में एक-एक कर्मचारी की मौत गुरुवार को हुई। राज्य में पड़ रही बेतहाशा गर्मी को इन मौतों का कारण बताया जा रहा है।

झारखंड में आज तड़के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सीआरपीएफ कैंप पर नक्सलियों ने हमला कर दिया। अधिकारियों के अनुसार नक्सलियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच गोलीबारी हुई।

इससे पहले, बुधवार देर रात पलामू जिले के चियांकी रेलवे स्टेशन पर नक्सलियों ने विस्फोट किया। नक्सलियों ने रेलवे स्टेशन के बाहरी केबिन को बम विस्फोट से उड़ा दिया। पुलिस के अनुसार नक्सलियों ने गिरिडीह-डुमरी मार्ग अवरुद्ध कर दिया था।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने दिसपुर सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में पत्नी गुरशरण कौर के साथ मतदान किया। लंबे समय के बाद गुवाहाटी में मतदान करने के बाद प्रधानमंत्री ने रोमांचित महसूस किया। उन्होंने कहा, "मैं सही मायने में घर में वोट डालकर काफी रोमांचित हूं। यह सभी भारतीयों का कर्तव्य है कि वे अपना वोट डालें।"

उन्होंने कहा, "मैं मतदान को लेकर तनाव में नहीं हूं। हमारा प्रदर्शन काफी अच्छा रहेगा। केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की ही सरकार बनेगी।"

बिहार में लोकसभा की 40 संसदीय सीटों में से दूसरे चरण में 13 सीटों पर तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान चल रहा है। मतदान प्रारंभ होने के चार घंटे बाद दोपहर 12 बजे तक 20 से 22 फीसदी मतदान होने की सूचना है। कुछ मतदान केन्द्रों पर मतदान के बहिष्कार की जानकारी मिली है।

दूसरे चरण के लिए यहां कुल 17,130 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। इनमें 17,109 मुख्य मतदान केन्द्र तथा 21 सहायक मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। इस दौरान एक करोड़ 69 लाख 27 हजार 377 मतदाता 189 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें महिला उम्मीदवारों की संख्या मात्र नौ है।

मध्य प्रदेश की 13 संसदीय सीटों में मामूली विवादों के बावजूद शान्तिपूर्ण मतदान जारी है। शुरूआत के चार घंटों में 20़ 43 फीसदी वोट डाले जा चुके थे। कुछ स्थानों से इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में गड़बड़ी की शिकायतें मिली, जिसके चलते तीन स्थानों पर मशीनों को बदला गया।

अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय दुबे ने बताया है कि सुबह के वक्त मतदान की गति धीमी थी। पहले चार घंटे में 20़ 43 फीसदी मतदान हुआ है, जिसमें 22़ 5 फीसदी पुरूष और 19 फीसदी महिलाओं ने वोट डाले। सबसे अधिक 25 फीसदी मतदान छिन्दवाड़ा में और सबसे कम 14 फीसदी कटनी जिले में दर्ज किया गया।

प्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्र बालाघाट के लांजी विधानसभा क्षेत्र में बुधवार की सुबह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की ओर से चुनाव बहिष्कार के लिए पोस्टर और पर्चे बांटे गए थे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ज़े एस़ माथुर ने बताया है कि इन क्षेत्रों में चुनाव शान्तिपूर्वक कराने के लिए हेलीकाप्टर से नजर रखी जा रही है।

देश में सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण में 17 सीटों पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था के बीच गुरुवार दोपहर दो बजे तक 26 फीसदी मतदान हुआ है।

सुबह सात बजे से मतदान शुरू होने के बाद शुरूआती घंटों में मतदान की रफ्तार काफी धीमी रही। लेकिन जैस-जैसे दिन ढलता गया मतदान केंद्रों पर कतारें लंबी होनी शुरू हो गई।

एक चुनाव अधिकारी के मुताबिक दोपाहर दो बजे तक छब्बीस फीसदी मतदान हुआ। इस दौरान सबसे ज्यादा 29 फीसदी मतदान इलाहाबाद में हुआ।

देश के बहुचर्चित संसदीय क्षेत्र अमेठी में शुरुआती दौर में मतदान की रफ्तार धीमी रही। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी यहां से चुनाव लड़ रहे हैं।

एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश की 17 संसदीय सीटों पर मतदान जारी है लेकिन अमेठी में शुरुआती दो घंटों में सबसे कम 5.5 फीसदी मतदान हुआ है।

अधिकारी ने बताया कि इस दौरान गोंडा और कैसरगंज में सर्वाधिक 11 फीसदी मत डाले जा चुके थे। तेज गर्मी की वजह से चुनाव अधिकारियों को उम्मीद थी अधिक से अधिक लोग सुबह मतदान के लिए निकलेंगे।

इस चरण में महाराष्ट्र की 25, आंध्र प्रदेश की 20, कर्नाटक व उत्तर प्रदेश की 17-17, बिहार और मध्य प्रदेश की 13-13, असम और उड़ीसा की 11-11, झारखंड की 8, गोवा और त्रिपुरा की 2-2 और जम्मू एवं कश्मीर की एक संसदीय सीट पर मतदान हो रहा है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+