मनमोहन ही होंगे प्रधानमंत्री : पासवान
पासवान ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी के लिए हमारे जहन में सिर्फ मनमोहन सिंह का ही नाम है। दरअसल राजद और लोजपा प्रधानमंत्री पद पर उन्हीं के नाम पर विचार कर रही हैं।"
बिहार में राजद के साथ चुनावी गठजोड़ कर कांग्रेस को तन्हा छोड़ देने वाले पासवान ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ गठजोड़ उनकी पार्टी की बहुत बड़ी गलती थी, जिसे कभी दोहराया नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि वामदल धर्मनिरपेक्ष दलों के साथ मिलकर चलें।
पासवान के इस बयान से पहले रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव ने मंगलवार को कहा था कि प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी का फैसला चुनाव के बाद किया जाएगा। इस पर विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा था कि ऐसे में चुनाव के बाद लालू प्रसाद के संप्रग में शामिल होने पर सवालिया निशान लग जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications