वरुण ने दाखिल किया नामांकन, जेल में प्रताड़ना का आरोप लगाया (राउंडअप)
नवाबगंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए वरुण ने कहा, "मैं चुप नहीं बैठूंगा। जुल्म के खिलाफ आवाज उठाता रहूंगा। मैं चट्टान की तरह आपके साथ हूं और हमेशा आपकी लड़ाई लड़ता रहूंगा।"
जेल से निकलने के बाद वरुण की यह पहली चुनावी जनसभा थी। उनकी इस जनसभा में भाजपा व विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं के अलावा भारी जनसमूह उमड़ा।
वरुण ने कहा, "जेल में पुलिस ने मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। उन्होंने कहा कि मुझे जेल जाने का दुख नहीं है। लेकिन अपनी मां की आंखों में आंसू देखकर मुझे दुख पहुंचा। मेरी मां के आंसुओं का जवाब अब जनता देगी।" वरुण ने कहा कि इस बार बरेली मंडल में सिर्फ कमल का फूल खिलेगा।
उधर, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने लखनऊ में कहा कि कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह सार्वजनिक रूप से केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के इस्तेमाल की धमकी देने से साफ हो गया है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने सीबीआई को अपने हाथ की कठपुतली बना रखा है। वहीं भाजपा के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) सत्ता में आया तो हम पाकिस्तान पर दबाव डालेंगे कि वह अपने यहां आतंकी अड्डों को नष्ट करे। अगर पाक ने ऐसा नहीं किया तो हम आतंकी अड्डों पर हमला करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications