आईपीएल : डेक्कन चार्जर्स ने रॉयल चैलेंजर्स को दिया 185 रनों का लक्ष्य (लीड-4)
डेक्कन चार्जर्स टीम के कप्तान एडम गिलक्रिस्ट और रोहित शर्मा की तूफानी अर्धशतकीय पारियों की बदौलत डेक्कन चार्जर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए। गिलक्रिस्ट ने 45 गेंदों में 71 और रोहित ने 30 गेंदों पर 52 रन बनाए।
बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स के कप्तान केविन पीटरसन अपनी टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने दो विकेट झटके जबकि प्रवीण कुमार, डेल स्टेन और रायडर ने एक-एक विकेट हासिल किए।
इससे पहले, डेक्कन चार्जर्स ने आईपीएल के आठवें मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। डेक्कन चार्जर्स ने अपने पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइर्ड्स को हराया था। टीमों की तालिका में वह मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयर डेविल्स के बाद तीसरे स्थान पर मौजूद है।
दूसरी ओर, केविन पीटरसन की कप्तानी में खेल रही रॉयल चैलेंजर्स टीम एक जीत और एक हार के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर है। टूर्नामेंट के पहले दिन राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने वाली रॉयल चैलेंजर्स टीम को सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शर्मनाक हार झेलनी पड़ी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications