बिहार में नक्सलियों ने 8 ट्रकों को आग लगाई
पटना, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में मंगलवार रात नक्सलियों ने आठ ट्रकों को आग के हवाले कर दिया। इस क्रम में नक्सलियों ने एक ट्रक चालक को गोली भी मार दी।
घटना की पुष्टि करते हुए शेरघाटी अनुमंडल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुरेश प्रसाद ने बुधवार को बताया कि जीटी रोड पर 71 माईल क्षेत्र के नजदीक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के 40-50 की संख्या में नक्सली आ धमके और आने-जाने वाले आठ ट्रकों को रोककर उस पर सवार लोगों को उतारा और फिर ट्रकों में आग लगा दी।
उन्होंने बताया कि इस बीच एक ट्रक चालक लक्ष्मण यादव को नक्सलियों ने गोली भी मार दी। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण को डोभी स्थित एक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इस मामले की एक प्राथमिकी बाराचट्टी थाना में दर्ज करा दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications