राज्य सरकार के इशारे पर मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है : प्रकाश झा (लीड-1)
प्रकाश झा ने आईएएनएस से फोन पर बातचीत में कहा, " जिला प्रशासन द्वारा मेरे निर्माणाधीन चीनी मील तथा गेस्ट हाउस पर छापा मारकर रुपये बरामद किए गए हैं, न कि मेरे चुनाव कार्यालय से रुपये बरामद हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रकाश झा के बेतिया स्थित मुख्य चुनाव कार्यालय में पुलिस ने मंगलवार की देर रात छापामार कर 10,25,000 रुपये बरामद किए थे तथा 38 लोगों को गिरफ्तार किया था।
झा ने कहा, "राज्य सरकार के निर्देश पर ऐसा किया जा रहा है। अगर चीनी मील का निर्माण कार्य चल रहा है तो स्व'भाविक है कि वहां 10-12 लाख रुपये रहेंगे। मुझे नाहक निशाना बनाया जा रहा है। मेरे गेस्ट हाउस तक पर छापा मारा गया जबकि पुलिस द्वारा अन्य प्रत्याशियों के खिलाफ कुछ नहीं किया जा रहा है।"
उन्होंने प्रशासन पर यह आरोप भी लगाया कि बुधवार को अन्य प्रत्याशियों को जनसम्पर्क करने की छूट दी गई जबकि उन्हें ऐसा करने से रोका गया।
उल्लेखनीय है कि मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए विभिन्न राजनीतिक पार्टियों द्वारा पैसे बांटे जाने के संबंध में शिकायत मिलने के बाद जिले में कई स्थानों पर छापेमारी की गई थी। पश्चिम चम्पारण जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) क़े एस़ अनुपम ने बुधवार को बताया कि मिली सूचना के आधार पर प्रकाश झा, कांग्रेस प्रत्याशी साधु यादव तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी संजय जायसवाल के मुख्य चुनाव कार्यालयों पर छापा मारा गया था।
अनुपम के मुताबिक छापामारी में प्रकाश झा के कार्यालय से 10,25,000 रुपये बरामद किए गए तथा 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त किसी और कार्यालय से कोई आपत्तिजनक समान नहीं मिला। उन्होंने बताया कि इस मामले की एक प्राथमिकी नगर थाने में दर्ज करा दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications