नक्सलियों के निशाने पर रहा पूर्वी भारत (लीड-5)

नक्सलियों ने झारखंड के लातेहार जिले में 400 से ज्यादा यात्रियों को ले जा रही रेलगाड़ी को अगवा करने वहीं बिहार के औरंगाबाद जिले के देव प्रखंड कार्यालय भवन को विस्फोट कर उड़ा दिया और गया में आठ ट्रकों को आग के हवाले कर दिया। रेलगाड़ी को करीब चार घंटे बाद मुक्त करवाया गया। रेलगाड़ी में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। पश्चिम बंगाल में मिदनापुर जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने पुलिस को निशाना बनाकर चार बारूदी सुरंग विस्फोट किए।

लातेहार के पुलिस उपायुक्त सर्वेदु तथागत के मुताबिक लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत होने वाले मतदान से ठीक एक दिन पहले बरकाकाना से मुगलसराय जा रही रेलगाड़ी को करीब 200 हथियारबंद नक्सलियों ने हेहेगडा रेलवे स्टेशन पर अगवा कर लिया। उन्होंने कहा, "नक्सलियों ने ट्रेन को छोड़ दिया है और वह स्टेशन से रवाना हो चुकी है।"

तथागत ने कहा, "नक्सलियों ने रेलवे के खिलाफ अपना विरोध जताने के लिए ट्रेन को अगवा किया था। उनका मकसद रेल सेवाओं को रोकना नहीं था।"

मध्य पूर्व रेलवे के मुख्य जनसपंर्क अधिकारी ए. के. चंद्रा ने बताया, "किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।" गाड़ी को करीब 11.40 बजे रवाना किया गया।

नक्सली 15 अप्रैल को लातेहार में पांच लोगों के मारे जाने पर अपना विरोध जता रहे थे। सुरक्षा बलों ने पांचों को नक्सली बताया था जबकि नक्सलियों का कहना है कि वे सभी निर्दोष ग्रामीण थे।

इससे पहले मंगलवार देर रात पलामू जिले में 50 से ज्यादा नक्सलियों ने उटारी रोड रेलवे स्टेशन और एक नजदीकी पटरी को विस्फोट से उड़ा दिया।

पुलिस ने बताया कि नक्सलियों की योजना नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस को निशाना बनाने की थी। गाड़ी यहां से धमाके के 30 मिनट बाद गुजरने वाली थी।

एक अन्य घटना में नक्सलियों ने मंगलवार रात चतरा जिले के नारायणपुर गांव में एक स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र की इमारत को भी विस्फोट से उड़ा दिया। नक्सलियों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार कर रखा है।

उल्लेखनीय है कि गत 16 अप्रैल को पहले चरण के मतदान के दौरान नक्सली हिंसा में 18 लोग मारे गए थे, जिनमें 10 सुरक्षाकर्मी शामिल थे।

उधर, बिहार के औरंगाबाद जिले के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मोहम्मद अख्तर हुसैन ने बुधवार को बताया कि मंगलवार रात करीब 50-60 की संख्या में आए नक्सलियों ने देव प्रखंड कार्यालय भवन को विस्फोटक से उड़ा दिया। गया के शेरघाटी में जीटी रोड पर नक्सलियों ने आठ ट्रकों को उसमें सवार लोगों को उतार कर आग के हवाले कर दी।

शेरघाटी अनुमंडल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुरेश प्रसाद ने बताया कि नक्सलियों ने एक ट्रक चालक लक्ष्मण यादव को गोली मार दी, जिसकी डोभी स्थित एक अस्पताल में मौत हो गई।

इस बीच पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज वर्मा ने आईएएनएस को बताया कि सालबोनी थाना क्षेत्र में मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के दो कार्यकर्ताओं का शव लेने पहुंची पुलिस पर निशाना साधते हुए नक्सलियों ने बारुदी सुरंग विस्फोट किए। इन दोनों की नक्सलियों ने सोमवार को हत्या कर दी थी।

वर्मा ने कहा, "विस्फोट वहां से गुजर रहे पुलिस के दल से कुछ ही दूरी पर हुए। यह स्पष्ट है कि पुलिस नक्सलियों के निशाने पर थी।" उन्होंने कहा कि इलाके में और भी बारूदी सुरंगे बिछी हो सकती हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+