इस्लामाबाद के और करीब पहुंचा तालिबान
इस्लामाबाद, 22 अप्रैल(आईएएनएस)। स्वात घाटी और पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के कई दूसरे इलाकों पर कब्जा जमाने के बाद तालिबान राजधानी इस्लामाबाद के और करीब पहुंच गया है। देश के दक्षिणी इलाकों में आगे बढ़ते उसने बुनेर जिले पर कब्जा जमा लिया है।
बुनेर इस्लामाबाद से महज 100 किलोमीटर दूर है। संगठन ने इस जिले की तकरीबन सभी तहसीलों पर कब्जा जमा लिया है। 'डॉन' अखबार के मुताबिक इस खतरनाक घटनाक्रम से स्थानीय अधिकारी भौचक हैं। अधिकारी पुलिस थानों या शिविरों में पनाह लिए हुए हैं। तालिबान इस प्रांत के मुख्यमंत्री हैदर खान होती के गृह जिले मरदान और स्वाबी जिले पर नजर लगाए हुए हैं।
बुनेर से मिली खबरों के मुताबिक आतंकवादियों ने पास के दो जिलों मरदान और स्वाबी की सीमाओं के नजदीक जांच चौकियां स्थापित कर ली हैं। उन्होंने गदेजी, सलारजई और ओशेरई जैसे रणनीतिक इलाकों में पहाड़ियों पर बंकर स्थापित कर लिए हैं। स्थानीय बाजारों, गांवों और शहरों में तालिबान की गश्त शुरू हो गई है।
अखबार के मुताबिक तालिबान ने स्थानीय गैर सरकारी संगठनों व सरकारी कार्यालयों के वाहन, कंप्यूटर, प्रिंटर, जेनरेटर आदि छीन लिए हैं। खबरों में कहा गया है कि इस इलाके के नेता, व्यापारी, एनजीओ सदस्य सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सविस।
*


Click it and Unblock the Notifications