लगातार तीसरे दिन गिरे शेयर बाजार (राउंडअप)
दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं और सूचना प्रौद्योगिकी सेक्टर को छोड़कर अधिकांश सेक्टरों ने बुधवार को गिरावट में कारोबार किया। रियल्टी सेक्टर का सूचकांक 4.68 फीसदी गिरा जबकि पूंजीगत वस्तुओं, आटो, उपभोक्ता वस्तुओं और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों की कीमतों में भी गिरावट आई।
कारोबार के दौरान ओएनजीसी, भेल, लार्सन एंड टूब्रो (एल एंड टी) और डीएलएफ आदि कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हुई।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' बुधवार को पिछले बंद के मुकाबले 70.49 अंकों की तेजी के साथ 10,992.21 पर खुला। खुलने के तुरंत बाद इसमें गिरावट आई और कारोबार के अंत में यह 80.57 अंकों की गिरावट के साथ 10,817.54 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स ने आज 10,715.66 और 11,036.24 के स्तर के बीच कारोबार किया।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी गिरावट आई। मिडकैप सूचकांक जहां 40.36 अंक गिरकर 3,482.78 पर बंद हुआ वहीं स्मालकैप सूचकांक 65.30 अंकों की गिरावट के साथ 3,962.68 पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' पिछले बंद के मुकाबले बुधवार को 0.70 अंक की गिरावट के साथ 3,364.60 पर खुला। कारोबार के अंत में यह 35.00 अंकों की गिरावट के साथ 3,330.30 पर था। निफ्टी ने आज दिन के कारोबार के दौरान 3,296.90 का निचला और 3,401.10 का ऊपरी स्तर छुआ।
बीएसई में कारोबार का रुख नकारात्मक रहा और यहां सूचीबद्ध 1,064 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में कमी आई जबकि 1,443 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में उछाल आया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications