कड़ी सुरक्षा के बीच जी-8 का पर्यावरण सम्मेलन शुरू
साइराक्यूस(इटली), 22 अप्रैल(आईएएनएस)। दुनिया के शीर्ष औद्योगिक देशों के संगठन समूह-8(जी-8) का पर्यावरण सम्मेलन कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गया है। इसमें चीन और भारत जैसे प्रमुख आर्थिक देशों के प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं।
इस बैठक में जटिल होती जलवायु परिवर्तन की समस्या पर गहन मंथन होगा। सम्मेलन स्थल की सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। पर्यावरण कार्यकर्ताओं की ओर से हिंसक प्रदर्शन के खतरे को देखते हुए 800 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
सम्मेलन स्थल मेनिस कैसल की सुरक्षा अभेद्य बना दी गई है। खबर है कि पुलिस ने ऐहतियात के तौर पर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उनकी गाड़ी से पत्थर और डंडे बरामद होने के बाद पुलिस का यह शक पक्का हो गया कि वे विरोध की तैयारी में लगे थे।
मेजबान देश के पर्यावरण मंत्री स्टेफानिया प्रेस्टिगियाकोमा ने उम्मीद जताई है कि इस तीन दिवसीय जमावड़े के दौरान जलवायु परिवर्तन के सभी पहलुओं पर व्यापक मंथन होगा। उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने के लिए विभिन्न देशों की ओर से ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन में कटौती की घोषणा की जानी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications