नेपाली सेना प्रमुख बर्खास्तगी की कोशिश की वजह भारतीय चुनाव?
काठमांडू, 22 अप्रैल(आईएएनएस)। नेपाल के सेना प्रमुख जनरल रूकमंगुड कटावल को बर्खास्त करने के माओवादी सरकार के प्रयास का संबंध भारतीय चुनाव से है? एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि सरकार भारत में चुनाव संपन्न होने से पहले सेना को पूरी तरह अपने नियंत्रण में कर लेना चाहती है, ताकि भारत की नई सरकार को इस प्रयास को विफल करने का मौका नहीं मिले।
प्रतिष्ठित साप्ताहिक 'घटना र विचार' ने लिखा है, "भारतीय चुनाव से पहले माओवादी सरकार सेना को पूरी तरह अपने नियंत्रण में कर लेना चाहती है। प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल उर्फ प्रचंड यह महसूस करते हैं कि भारत में नई सरकार बनने के बाद उनकी सरकार को हटाने का प्रयास जोर पकड़ सकता है। उस स्थिति में नेपाल की सेना भारत का मोहरा बन सकती है।"
इसमें लिखा गया है कि प्रचंड भारतीय चुनाव खत्म होने से पहले सेना पर पूरी तरह नियंत्रण कायम कर अपनी स्थिति मजबूत कर लेना चाहते हैं। यूं तो कटावल अगस्त में सेवानिवृत्त होंगे, पर सरकार उन्हें पहले ही हटाने पर अमादा है। सरकार के दबाव के बावजूद कटावल ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति से साफ इंकार कर दिया है। अब उन्हें 24 घंटे के भीतर सरकार को स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications