ब्रिटेन में नौ पाकिस्तानी रिहा, भेजे जाएंगे स्वदेश
लंदन, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। ब्रिटेन में कथित आतंकवादी हमले की योजना बनाने के आरोप में गिरफ्तार 12 पाकिस्तानियों में नौ को बिना किसी आरोप के छोड़ दिया गया। इन सभी को पाकिस्तान भेज दिया जाएगा।
विगत आठ अप्रैल को ब्रिटिश पुलिस ने पाकिस्तान के 12 नागरिकों को मैनचेस्टर, लिवरपूल और क्लिोथेरोए शहरों से गिरफ्तार किया था। ये सभी छात्र वीजा पर ब्रिटेन पहुंचे थे।
पाकिस्तान के दो नागरिकों से अभी पूछताछ की जा रही है और तीसरे को गिरफ्तारी के तीन दिन बाद 'यूके बॉर्डर एजेंसी' की हिरासत में भेज दिया गया। इन गिरफ्तारियों के बाद प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राऊन ने एक 'बड़े आतंकवादी हमले की योजना' को नाकाम किए जाने की बात कही थी।
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "हम इन लोगों को राष्ट्रीय सुरक्षा के आधार यहां से हटाना चाहते हैं। अगर एक विदेशी नागरिक इस देश के लिए खतरा बनता है हम उसे यहां से बाहर निकाल देंगे या फिर जहां उचित होगा वहां भेज देंगे।"
उधर, तीन पाक नागरिकों के वकील मोहम्मद अयूब ने कहा कि ब्रिटिश सरकार को अपना निर्वासन आदेश वापस लेना चाहिए और मामले की स्वतंत्र जांच करानी चाहिए ताकि पता चल सके कि मौजूदा जांच भयावह ढंग से गलत दिशा में है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications