अटल के प्रधानमंत्रित्व काल में बढ़ा था देश का सम्मान : आडवाणी
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में आयोजित एक जनसभा में आडवाणी ने कहा कि पोखरण परमाणु विस्फोट को भले ही 10 साल हो गए हों मगर उसे आज भी लोग उसे भूले नहीं हैं। वह परमाणु परीक्षण कोई सामान्य घटना नहीं थी, बल्कि उसने दुनिया में भारत के सम्मान को बढ़ाने का काम किया था।
उन्होंने कहा कि वह उस वक्त देश के गृह मंत्री थे और आतंकवाद को खत्म करने की हर संभव कोशिश की गई थी।
आडवाणी ने कहा कि भाजपा अभी तक उत्तर भारत की पार्टी मानी जाती थी मगर 2009 में दक्षिण के चार प्रमुख राज्यों में से एक कर्नाटक में आज भाजपा की सरकार है। यह इस बात का प्रमाण है कि भाजपा का पूरे देश में विस्तार हो रहा है।
आडवाणी ने लोगों से वादा किया कि अगर उन्हें सरकार बनाने का मौका मिला तो वह देश को शिखर पर पहुंचाने का प्रयास करेंगे। 20वीं सदी भले ही पश्चिम की रही हो मगर 21वीं सदी भारत की होगी।
उन्होंने कहा कि जिन भी राज्यों में भाजपा की सरकारे हैं वहां विकास की रफ्तार तेज है। बिहार जैसा राज्य जो विकास की पटरी से उतर चुका था, वह अब पटरी पर आ गया है। वहां विकास की गति तेज हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications