दिग्विजय की धमकी से सीबीआई का दुरुपयोग स्पष्ट : बसपा
बुधवार को लखनऊ में बसपा कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मिश्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह द्वारा दी गई धमकी से स्पष्ट हो गया है कि सीबीआई कांग्रेस की जागीर है और राजनीतिक प्रतिद्वंदियों के खिलाफ कांग्रेस उसका पूरा दुरुपयोग करती है।
उन्होंने कहा कि गत 20 अप्रैल को दिग्विजय सिंह ने हरदोई में एक जनसभा के दौरान साफ शब्दों में कहा कि अगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया तो मायावती को मालूम होना चाहिए कि कांग्रेस के पास सीबीआई है। सीबीआई के माध्यम से कांग्रेस पार्टी मायावती को खामियाजा भुगतने के लिए मजबूर कर देगी। दिग्विजय के इस बयान से यह पूरी तरह से साफ हो चुका है कि कांग्रेस सीबीआई का दुरुपयोग करती रही है और आगे भी करेगी।
मिश्रा ने कहा कि वर्ष 1984 के सिख दंगों के आरोपियों को सीबीआई द्वारा क्लीन चिट दिये जाने से भी साफ हो गया है कि केंद्र सरकार ने सीबीआई को अपने हाथ का खिलौना बना रखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मालूम होना चाहिए कि सिर्फ टिकट काटने से ही सिख समुदाय का आक्रोश थमने वाला नहीं है। इस चुनाव में जनता कांग्रेस को धूल चटा देगी।
बसपा महासचिव ने कहा कि मीडिया के माध्यम से बसपा कांग्रेस की अगुवाई वाली केंद्र सरकार और कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी दोनों से यह मांग करती है कि सीबीआई के दुरुपयोग की बात पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के माध्यम से जनता के सामने आ चुकी है और उन्हें अपने इस कार्य के लिए देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। इसके साथ ही वह राजनीतिक उद्देश्यों के लिए सीबीआई का दुरुपयोग तत्काल बंद करे।
मिश्र ने कहा कि इस मामले में चुनाव आयोग का पक्षपातपूर्ण रवैया भी सामने आ गया है। वैसे तो चुनाव आयोग हर छोटी बड़ी घटना और बयान का संज्ञान लेकर उन पर कार्रवाई करने के आदेश तुरंत जारी कर देता है। परंतु जब कांग्रेस पार्टी के महासचिव ने उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री को सीबीआई के माध्यम से ठीक करने की धमकी दी तो चुनाव आयोग ने अब तक कोई कार्रवाई करने की जरूरत क्यों नहीं समझी।
उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह के बयान से स्पष्ट हो गया है कि बसपा प्रमुख के खिलाफ केंद्र सरकार ने आय से अधिक संपत्ति का फर्जी मामला तैयार करवाया और उसका भय दिखाकर मायावती पर दबाव बनाने की कोशिश की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications