राष्ट्रपति की पोलैंड यात्रा पर कई समझौतों पर हस्ताक्षर
वारसा, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल की गुरुवार को शुरू हो रही चार दिवसीय पोलैंड यात्रा के दौरान दोनों देश कई समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे।
पिछले 13 वर्षो में किसी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की यह पहली पोलैंड यात्रा होगी। इससे पहले शंकर दयाल शर्मा राष्ट्रपति के रूप में 1996 में पोलैंड आए थे।
पाटिल अपनी यात्रा के दौरान पोलैंड के राष्ट्रपति लेक काक्जींस्की के साथ बातचीत करेंगी और उसके बाद दोनों देश स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़े समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे।
राष्ट्रपति के साथ भारतीय उद्योग जगत का 24 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी होगा जो पोलैंड के उद्योगपतियों से मुलाकात करेगा।
द पोलैंड-इंडिया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीआईसीसीआई) के अध्यक्ष जे.जे. सिंह ने कहा, "पिछले पांच वर्षो के दौरान पोलैंड में भारत की छवि बदली है। यहां तक कि मंदी के समय में भी भारत को एक बड़े बाजार के रूप में देखा जा रहा है।"
यात्रा के दौरान पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क, संसद के स्पीकर ब्रोनिस्लाव कोमोरोवस्की और सीनेट के स्पीकर बोगडान बोरुसेविच भी राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications