'अलकायदा और तालिबान के शीर्ष नेता पाकिस्तान में हैं'
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 21 अप्रैल(आईएएनएस)। दक्षिण एशियाई मामलों के एक अमेरिकी विशेषज्ञ का मानना है कि कुख्यात आतंकवादी संगठन अलकायदा और तालिबान के शीर्ष नेता पाकिस्तान में छिपे हुए हैं, इसलिए आतंकवाद को शिकस्त देने के लिए पाकिस्तान पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है।
काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस में भारत, पाकिस्तान और दक्षिण एशिया मामलों के विशेषज्ञ डेनियल मार्की ने कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ अमेरिकी रणनीति के उद्देश्य संकीर्ण हैं, इसलिए दक्षिण एशिया में अमेरिका के हितों को नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा, "जब तक दक्षिण एशिया के दो प्रमुख देशों भारत और पाकिस्तान के बीच टकराव जारी रहेगा, अमेरिकी रणनीति को अपेक्षित सफलता नहीं मिलेगी। दीर्घकालीन रणनीति के तहत दोनों मुल्कों के बीच सुलह कराया जाना जरूरी है।"
मार्की ने कहा, "पिछले दो वर्षो में अफगानिस्तान और पाकिस्तान में सुरक्षा हालात खराब हुए हैं। पश्तून बहुल इलाकों में अलकायदा और तालिबान की सक्रियता बढ़ी है, वहीं दोनों देशों के गैर-पश्तून इलाकों में कई भारत विरोधी चरमंपथी तत्व और युद्घ नेता सक्रिय हैं। चिंता की बात यह है कि तालिबान और अलकायदा के अधिकांश बड़े नेता पाकिस्तान में पनाह लिए हुए हैं और वे वहां से अपनी गतिविधियां चला रहे हैं। अमेरिकी प्रशासन के लिए उपयुक्त यही है कि वह पाकिस्तान पर ज्यादा फोकस करे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications