विक्रम पंडित के सिटीग्रुप और संजय झा की मोटोरोला को भारी घाटा
वाशिंगटन, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। व्यापारिक पत्रिका फार्च्यून 500 की ओर से जारी सूची के मुताबिक भारतीय मूल के अमेरिकियों के नेतृत्व वाली दो कंपनियों सिटीग्रुप और मोटोरोला को गत वित्त वर्ष में भारी नुकसान का सामना करना पड़ा है।
भारतीय मूल के विक्रम पंडित वित्तीय कंपनी सिटीग्रुप और संजय झा मोबाइल निर्माता कंपनी मोटोरोला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हैं।
पत्रिका के मुताबिक सिटीग्रुप को जहां गत वर्ष 27.7 अरब डॉलर का नुकसान सहना पड़ा वहीं मोटोरोला को 4.2 अरब डॉलर का नुकसान हुआ।
फार्च्यून 500 सूची में शामिल अधिकांश कंपनियों को पिछले 55 वर्षो के दौरान का सबसे बड़ा घाटा झेलना पड़ा है। वर्ष 2007 से 2008 के दौरान उनकी आय में 85 फीसदी की कमी आई है और उन्हें 99 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।
जिन कंपनियों को सबसे अधिक घाटा हुआ उनमें बीमा कंपनी अमेरिकन इंटरनेशनल ग्रुप (एआईजी) सबसे ऊपर रही और उसे 99.3 अरब डॉलर का नुकसान सहना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि फार्च्यून की इस सूची में तेल एवं गैस क्षेत्र की कंपनी एक्सॉनमोबिल राजस्व अर्जन के मामले में पहले स्थान पर जा पहुंची है। उसने खुदरा श्रृंखला चलाने वाली कंपनी वाल-मार्ट को दूसरे स्थान पर छोड़ दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications