बिहार में दूसरे चरण के मतदान के पूर्व सभी दलों ने पूरी ताकत झोंकी (राउंडअप)
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं ने जहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कई आरोप लगाए, वहीं कांग्रेस और जनता दल (युनाइटेड) के नेताओं राजद और कांग्रेस पर कई आरोप चस्पां कर दिये।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद)अध्यक्ष लालू प्रसाद ने बिहार के भागलपुर दंगे के लिए भाजपा को दोषी ठहराया। पटना में मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि भाजपा के लालकृष्ण आडवाणी को क्लीन चीट देने के लिए भागलपुर कांड में बंद हो चुकी फाइलों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फिर से खुलवाया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में दमदार प्रत्याशियों का ही अकाल है,ऐसे में वोट की बात ही करना बेकार है।
उधर, नीतीश कुमार ने पटना में कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के लोग राजग से लड़ने चले थे, लेकिन अब वे खुद आपस में लड़ रहे हैं। लालू प्रसाद और रामविलास पासवान को संप्रग की सरकार में शामिल नहीं करने के विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी के बयान पर उन्होंने कहा कि संप्रग की सरकार बनेगी तब तो रखने और न रखने की बात होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस तो है ही नहीं और राजद एवं लोजपा गठबंधन की हवा निकल गई है।
उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस के नेता एक दूसरे पर आरोप लगाकर मतदाताओं में भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लालू प्रसाद अगर पसंद नहीं हैं तो वह उन्हें मंत्रिमंडल से निकाल क्यों नहीं रही है।
इधर, विदेष मंत्री प्रणव मुखर्जी ने समस्तीपुर में एक चुनावी सभा में कहा कि सरकार किसकी बनेगी कोई नहीं जानता और उसमें लालू प्रसाद होंगे या नही,ं ये भी कोई नहीं जानता। उन्होंने लालू प्रसाद पर आरोप लगाया कि उनके ही चलते कांग्रेस लोजपा और राजद में तालमेल नहीं हो पाया।
सुपौल में दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि बिहार को विकसित राज्य कांग्रेस ही बना सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कोसी की बाढ़ त्रासदी के बाद केन्द्र द्वारा दी गई मदद का सही उपयोग नहीं करने का आरोप लगाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications