गरीबी मिटाने के लिए नौटंकी की नहीं, नीति की जरूरत : मायावती
मध्य प्रदेश के मुरैना शहर में मंगलवार को आयोजित जनसभा में मायावती ने देश की गरीबी के लिए कांग्रेस और उसकी आर्थिक नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से देश की सत्ता कांग्रेस व भाजपा के हाथ में रही है। इन दोनों ही दलों की सरकारों ने कभी भी विकास पर ध्यान नहीं दिया और गरीबी व बेरोजगारी खत्म करने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठाया।
राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत दिए जाने वाले 100 दिन के रोजगार को भी मायावती ने अपर्याप्त बताया। उन्होंने कहा कि 100 दिन का काम मिलने से बेरोजगारी और गरीबी दूर नहीं होने वाली। जरूरत है कि साल भर काम दिलाने की दिशा में प्रयास हों। मायावती ने नक्सलवाद की समस्या के लिए गरीबी और बेरोजगारी को जिम्मेदार ठहराया।
कांग्रेस और भाजपा की सरकारों को धन्नासेठों के इशारे पर चलने वाली सरकारें बताते हुए मायावती ने कहा कि इन दोनों ही दलों की सरकारें धन्नासेठों की मदद से बनती है और जब वे सत्ता में आती हैं तो उद्योगपतियों के मुताबिक ही आर्थिक नीतियां बनाती है। मायावती ने ऐलान किया कि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो नक्सलवाद और आतंकवाद को खत्म करने की कोशिश करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications