दूसरे चरण के मतदान के लिए बिहार में थमा चुनाव प्रचार
इन क्षेत्रों में मतदान के लिए कुल 17 हजार 130 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। इनमें 17 हजार 109 मुख्य और 21 सहायक मतदान केन्द्र शामिल हैं। दूसरे चरण में वाल्मीकिनगर, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, झंझारपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, हाजीपुर (सुरक्षित), उजियारपुर तथा समस्तीपुर (सुरक्षित) के मतदाता अपने प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे।
दूसरे चरण में राज्य के जिन दिग्गज नेताओं का राजनीतिक भविष्य 23 अप्रैल को इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद हो जाएगा उनमें समाजवादी नेता एवं पूर्व रक्षा मंत्री जार्ज फर्नाडीस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) छोड़ कर कांग्रेस में गए साधु यादव, फिल्म निर्माता प्रकाश झा, केंद्रीय भारी उद्योग एवं लोक उपक्रम राज्यमंत्री रघुनाथ झा, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान एवं उनके भाई रामचंद्र पासवान, केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह, केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री अखिलेश प्रसाद सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राधा मोहन सिंह, पूर्व सांसद आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद, पूर्व सांसद कीर्ति आजाद, केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री अली अशरफ फातमी, राजद के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी एवं केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री शकील अहमद प्रमुख हैं।
इन क्षेत्रों में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक प्रथम चरण के चुनाव के लिए केंद्रीय अद्र्घसैनिक बल, विशेष सहायक बल (सैप) के अलावा अन्य राज्यों से आए पुलिस बल के साथ-साथ बिहार पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।
अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन इलाकों में बुलेट प्रुफ जिप्सी तथा बारूदी सुरंग निरोधक वाहनों की भी व्यवस्था की गई है। साथ ही हेलीकाप्टर से गश्त भी शुरू कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications