कसाब ने आरोप पत्र पढ़ने के लिए मांगा एक माह का समय
अपने वकील एस.जी.अब्बास काजमी के माध्यम से विशेष न्यायाधीश एम.एल.ताहिलयानी के पेश आवेदन में कसाब ने यह मांग की है।
विशेष सरकारी वकील उज्जवल निकम ने इस आवेदन पर आपत्ति जताते हुए कहा कि कसाब के वकील काजमी हिंदी,मराठी और अंग्रेजी अच्छी तरह जानते हैं और वह अपने मुवक्किल को आरोप पत्र के तथ्यों को बता सकते हैं।
निकम ने कहा कि यह आरोपी द्वारा मुकदमे में विलंब करके केवल सुनवाई को लंबे समय तक खींचने की चाल है।
काजमी ने इसका विरोध करते हुए कहा कि उनको 11,500 पेज का आरोप पत्र केवल चार दिन पहले ही दिया गया है। उन्हें इसे पढ़ने के लिए समय चाहिए, तभी वह बचाव की रणनीति बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि अन्य आरोपियों के वकीलों ने भी इसी आधार पर समय मांगा है।
लश्कर-ए-तैयबा के संदिग्ध आतंकवादी शहाबुद्दीन मुहम्मद का बचाव कर रहे वकील एजाज नकवी ने एक आवेदन देकर जानना चाहा कि अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई)को उनके मुवक्किल से पूछताछ की अनुमति कैसे मिली।
उन्होंने शहाबुद्दीन पर थर्ड डिग्री का उपयोग करने वाले पुलिस अधिकारी का नाम जानना चाहा और साथ ही उसे सेवा से बर्खास्त करने की मांग की। एक अन्य आवेदन में शहाबुद्दीन ने पुलिस के कब्जे से अपनी वस्तुओं की वापसी की मांग की।
सह अभियुक्त फहीम अंसारी के वकील ने भी आरोप पत्र उपलब्ध कराने और उसे पढ़ने के लिए समय की मांग की।
निकम ने एक आवेदन देकर कसाब की असली उम्र की जांच की मांग की। कसाब ने दावा किया था कि उसकी उम्र 18 वर्ष से कम है और वह किशोर है। निकम ने कहा कि कसाब की उम्र का निर्धारण करना महत्वपूर्ण है।
ताहिलयानी ने इन सभी मामलों पर अपना निर्णय बुधवार तक के लिए सुरक्षित रख लिया।
मंगलवार सुबह कसाब अपनी छोटी दाढ़ी के बजाए सफाचट चेहरे के साथ अदालत में उपस्थित हुआ। इससे पत्रकारों में यह चर्चा उभरी कि कसाब अपनी उम्र कम दिखाना चाहता है।
पत्रकारों के इस सुझाव पर उसके वकील काजमी ने मुस्कराकर कहा कि कसाब की सही उम्र का पता लगाने के और भी रास्ते हैं। आज उसे अधिक गर्मी महसूस हुई इसलिए वह दाढ़ी बनाकर अदालत में आया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications