सरकार के सहयोगियों की आलोचना गंभीर मुद्दा नहीं : प्रधानमंत्री (लीड-1)
विपक्ष खासकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ चले तनाव व शब्द युद्ध के बाद माहौल को हल्का करने की कोशिश करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इसे 'दुखदायी' नहीं मानते।
समाचार चैनल 'टाइम्स नाउ' से बातचीत में सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्ष के बीच संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रधानमंत्री ने कहा, "नोकझोंक तो होती रहती है।"
उन्होंने कहा, "जब हम सरकार बनाएंगे तो मुख्य विपक्षी दल के साथ विश्वास का संबंध कायम करने में सफल होंगे।"
उन्होंने कहा, "मैं धर्मनिरपेक्ष मूल्यों से परे इस देश का कोई भविष्य नहीं देख रहा हूं।"
प्रधानमंत्री ने संप्रग के सहयोगियों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चुनावी माहौल में अगर कोई सहयोगी दल सत्ताधारी दल की आलोचना करता है तो उसे गंभीरता से नहीं लेना चाहिए।
उन्होंने कहा, "हम गठबंधन सरकार चला रहे हैं। यह गठबंधन 2004 के चुनाव के बाद बना था। एक गठबंधन में यदि एक सहयोगी दूसरे की आलोचना करता है तो मैं नहीं समझता हूं कि इसे गंभीरता से लेना चाहिए।"
प्रधानमंत्री ने यह बात अपने मंत्रिमंडल के सहयोगी व राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव के उन आरोपों के संदर्भ में कही जिसमें लालू ने बाबरी मस्जिद के विध्वंस के लिए कांग्रेस को भी जिम्मेदार ठहराया था।
उन्होंने 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों में न्याय मिलने में हुई देरी के बारे में पूछे गए एक सवाल पर कहा कि यदि केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व में सरकार बनती है तो न्यायिक प्रक्रिया में सुधार लाना उनकी प्राथमिकता होगी।
प्रधानमंत्री ने कहा, "ठीक है, मैं मानता हूं कि अपने देश में न्याय की प्रक्रिया काफी धीमी लेकिन उस पर मेरा कोई नियंत्रण नहीं है।"
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो न्यायिक सुधार उनकी प्राथमिकता में होंगे।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री व संप्रग के सहयोगी एम.करुणानिधि के प्रभाकरन को 'मित्र' बताने के विवादास्पद बयान के दो दिन बाद मनमोहन सिंह ने कहा, "लिट्टे एक आतंकवादी संगठन है। प्रभाकरन एक घोषित अपराधी है। इस रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है।"
प्रधानमंत्री ने समाचार चैनल 'टाइम्स नाउ' से कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता (कपिल सिब्बल) ने भी स्थिति को साफ कर दिया है।
टेलीविजन पर प्रभाकरन को अपना अच्छा 'मित्र बताने और फिर सोमवार को उसके विपरीत रुख अपनाते हुए लिट्टे को वास्तव में एक आतंकवादी संगठन बताने के करुणानिधि के बयान पर टिप्पणी करते हुए प्रधानमंत्री ने यह कहा।
उल्लेखनीय है कि सिब्बल ने सोमवार को करुणानिधि के बयान को उनका व्यक्तिगत विचार कहकर खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस की नजर में प्रभाकरन एक आतंकवादी और लिट्टे एक आतंकवादी संगठन है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications