ओबामा ने सीआईए के यातना देने के तरीकों के खुलासे का बचाव किया
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ओबामा ने सीआईए कर्मचारियों की एक सभा में कहा कि वह एजेंसी की सफलता के लिए वर्गीकृत दस्तावेजों के संरक्षण और गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। परंतु उन्होंने कहा कि उनका प्रशासन बुश प्रशासन के तरीकों को जनता के सामने लाने के लिए कानूनी अवरोधों को समाप्त कर रहा है।
ओबामा ने सीआईए कर्मचारियों से हाल की घटनाओं से हतोत्साहित न होने को कहा और अमेरिका की सुरक्षा में सीआईए की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि ओबामा ने कार्यभार ग्रहण करने के कुछ दिनों के भीतर ही यातना के कठोर तरीकों के उपयोग को बंद कर दिया था। उन्होंने कहा था कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिकी मूल्यों को कायम रखना बहुत आवश्यक है।
ओबामा के गुरुवार को सीआईए के यातना के तरीकों को सार्वजनिक करने के निर्णय की आलोचना करते हुए रिपब्लिकनों ने कहा कि इससे राष्ट्रीय सुरक्षा को क्षति पहुंचेगी। बहरहाल ओबामा ने इन यातना के तरीकों को लागू करने के जिम्मेदार सीआईए के अधिकारियों पर मुकदमा चलाने से इंकार करते हुए कहा कि उन्होंने न्याय विभाग से दी गई सलाहों के अनुसार काम किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications