वे लड़ाते और हम मिलाते हैं : राहुल
उन्होंने कहा के कांग्रेस के लिए हर प्रदेश और प्रत्येक हिन्दुस्तानी एक है जबकि विपक्षी दल हिन्दू-मुस्लिम, मराठी-बिहारी के नाम पर देश को लड़ाते हैं।
उन्होंने कहा कि हम कहते हैं कि व्यक्ति किसी भी राज्य अथवा धर्म का हो उसे साथ लेकर चलना और देश को आगे बढ़ाना है तो हमारे विपक्षी उल्टी गंगा बहाते हैं। बस यही फर्क है कांग्रेस और विपक्षी दलों में।
मध्य प्रदेश के दौरे पर आए राहुल ने बालाघाट और होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र के पिपरिया में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके प्रधानमंत्री पद के दावेदार लालकृष्ण आडवाणी तथा राज्य की शिवराज सिंह चौहान सरकार पर जमकर हमले बोले।
राहुल ने कहा कि आडवाणी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को कमजोर प्रधानमंत्री कहते हैं लेकिन मनमोहन सिंह ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिनके कार्यकाल में मुम्बई में हुए आतंकी हमले का मुंहतोड़ जबाव दिया गया। उनका मजबूत नेतृत्व ही था कि पाकिस्तान को स्वीकारना पड़ा कि आतंकवादी उसी के देश से आए थे। वहीं दूसरी ओर जब देश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार थी तो हमारे मंत्री आतंकवादियों को छोड़ने कंधार चले गए थे। यही अंतर है कांग्रेस और भाजपा में।
उन्होंने कहा कि आडवाणी ने तो यहां तक कहा है कि उन्हें इस बात की जानकारी तक नहीं थी कि आतंकवादियों को छोड़ने के लिए उनके मंत्रिमंडलय सहयोगी भी कंधार जा रहे हैं। अब जनता को ही तय करना है कि कौन मजबूत है और कौन कमजोर।
राहुल ने कहा कि पिछले चुनाव में कांग्रेस ने गरीबों, पिछड़ों और अल्पसंख्यक की सरकार बनाने का दावा किया था और उसे पूरा भी किया है। इन सभी वगोर्ं के लिए योजनाएं चलाई गई हैं। हर व्यक्ति को रोजगार मिले इसके लिए राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना को कानून बनाया गया है। देश की खुशहाली के लिए पसीना बहाने वाले किसानों के कर्जे माफ किए गए हैं, हर बच्चे को स्कूल भेजा जा रहा है, आदिवासियों को जमीन का हक दिलाया गया है।
शिवराज सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए राहुल ने कहा कि केंद्र सरकार ने अनेक योजनाओं के तहत पैसा भेजा मगर राज्य सरकार उस राशि का उपयोग ही नहीं कर पाई। उल्टे वह केंद्र पर भेदभाव का आरोप लगा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications