वाजपेयी का सपना पूरा करूंगा: आडवाणी

लखनऊ के मुंशी पुलिया चौराहे पर रविवार देश शाम आयोजित भाजपा की चुनावी रैली में आडवाणी ने कहा कि वाजपेयी की अगुवाई वाली पांच साल की सरकार में देश ने विकास की जो गति पकड़ी थी, वह गति कांग्रेस के शासन में कभी नहीं रही।
आडवाणी ने कहा, "वाजपेयी ने देश को आगे ले जाने और देश को विकसित बनाने का जो ख्वाब देखा था उसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) की सरकार बनने के बाद मैं पूरा करूंगा।"
भाजपा ही बेहतर विकल्प
आडवाणी के उम्मीद जताई की इस बार उत्तर प्रदेश में भाजपा एक बार फिर से अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराएगी। लोग कांग्रेस सरकार की नीतियों से नाराज हैं और भाजपा उसका सबसे बेहतर विकल्प है।
इस मौके पर आडवाणी ने एक बार फिर काले धन का मुद्दा उठाया। उन्होंने ने इस बात पर चिंता जताई है कि विदेशी बैंकों में जमा काले धन का इस्तेमाल आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने वादा किया है कि अगर उन्हें सत्ता में आने का मौका मिला तो विदेशी बैंकों में जमा करीब 140 अरब रुपए को 100 दिनों के भीतर काले धन को वापस लाया जाएगा।
भाजपा ने टास्क फोर्स बनायी
उन्होंने कहा, भाजपा ने इसे लेकर एक टास्क फोर्स गठित किया है जो इस पूरे मामले के पहलुओं की जांच कर रहा है। हम यह पता लगाएंगे कि आखिर हमारे देश की संपत्ति को किन विदेशी बैंकों में छिपाकर रखा गया है।
आडवाणी ने कहा कि स्वीस बैंक के अलावा भी कई ऐसे विदेशी बैंक हैं जहां करों की चोरी करने वाले भारतीयों का अवैध पैसा जमा है। उन्होंने कहा, हमारे टास्क फोर्स ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंप दी है। न सिर्फ स्वीस बैंक, बल्कि ऐसे 70 टैक्स हेवेन या बैंक हैं जहां ऐसी रकम छिपाकर रखी गई है। ऐसी रकम आतंकवाद की जड़ें मजबूत करने में खर्च हो सकती है।
उन्होंने कहा कि इस मसले पर राष्ट्रीय आम सहमति कायम किए जाने की जरूरत है। उनके मुताबिक इन गुप्त भारतीय खातों में जमा रकम को वापस लाने के सरकारी प्रयास तेज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन बैंकों में 25 लाख करोड़ रुपए से लेकर 70 लाख करोड़ तक रुपए जमा हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications