रामविलास के पुत्र और शत्रुघ्न की पत्नी भी चुनाव प्रचार में कूदे
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष एवं हाजीपुर से प्रत्याशी रामविलास पासवान के अभिनेता पुत्र चिराग अपने पिता के लिए प्रचार कर रहे हैं,वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर पटना साहिब से चुनाव लड़ रहे अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा भी अपने पति के लिए जनसंपर्क कर रही हैं।
हाजीपुर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न भागों में सोमवार को जनसंपर्क कर अपने पिता के पक्ष में वोट मांग रहे अभिनेता चिराग का कहना है कि हाजीपुर की जनता ने उन्हें बचपन से देखा है। वह यहां केवल अपने पुत्र धर्म का निर्वहन करने आए हैं तथा जनता से आशीर्वाद मांग रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभी वे तीन फिल्मों में अभिनय कर रहे हैं।
राजनीति में आने की संभावना के बारे में उन्होंने पत्रकारों को बताया कि वह एक राजनीतिक परिवार में पले बढ़े हैं और अगर उन्हें इस विरासत को संभालने का मौका मिलता है और जनता उन्हें दिल से स्वीकार करती है तो वह जरूर अपने पिता की विरासत को संभालेंगे।
पूनम भी अपने पति के लिए प्रचार में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि मैं एक बिहारी महिला हूं और अपने पति का नाम नहीं ले सकती। परंतु अपने पति के लिए वोट अवश्य मांग रही हूं।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनके पति कई वषरें से बिहार के विकास के लिए काम करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पटना में कैंसर अस्पताल खुलवाने के लिए भी उन्होंने पहल की। उन्होंने कहा कि वह अपने पति के कार्यो के आधार पर वोट मांग रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications