थकान मिटाने के लिए सैर पर निकल रहे हैं नेता
हैदराबाद, 20 अप्रैल(आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों के प्रथम चरण के मतदान के दौरान जिन नेताओं की किस्मत इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों में बंद हो गई हैं, वे अब अपनी चुनावी थकान मिटाने के मिशन पर या तो निकल गए हैं या निकल रहे हैं। इनमें से कई नेता मनाली और पास के हिल स्टेशन के खुशगवार मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं तो कुछ विदेशी सैरगाहों की पनाह में जाने की तैयारी में भी हैं।
प्रथम चरण के विधानसभा और लोकसभा चुनावों के दौरान 2148 उम्मीदवारों की किस्मत वोटिंग मशीनों में बंद हो गई। चुनावी नतीजों के इंतजार की बेसब्री और चुनावी थकान से परेशान नेता हिल स्टेशनों का रुख कर रहे हैं। प्रथम चरण के तहत 22 लोकसभा और 154 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ।
प्रजा राज्यम पार्टी(पीआरपी)के नेता टी़ देवेंदर गौड़ ने तिरुपति जाने की योजना बनाई है। कई नेता शिरडी जाने की तैयारी में हैं। तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) उम्मीदवार सुदीश रामभोतला सिंगापुर या स्विटजरलैंड जाने की तैयारी में हैं। उनकी किस्मत का फैसला दूसरे चरण के मतदान के दौरान होगा। उसके बाद वे विदेश की उड़ान पकड़ लेंगे।
सिकंदराबाद से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने वाली अभिनेत्री जयसुधा भी सिंगापुर की उड़ान पकड़ेंगी। मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी भी अपने परिवार के साथ किसी दिलकश पर्यटन स्थल की ओर रुख करने वाले हैं। तेदेपा प्रमुख एऩ चंद्रबाबू नायडू और पीआरपी नेता व अभिनेता चिरंजीवी भी छुट्टियां मनाने की तैयारी में हैं। खबर है कि कुछ नेता पर्यटन के लिए निकल भी पड़े हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications