मुंबई हमले में 45 आतंकियों के खिलाफ 312 आरोप
मुंबई, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई आतंकवादी हमलों के मामले में पुलिस ने सोमवार को विशेष अदालत के समक्ष एकमात्र जीवित पकड़े अजमल आमिर कसाब और 35 पाकिस्तानी आतंकियों समेत 47 लोगों के खिलाफ 312 आरोप पेश किए।
विशेष लोक अभियोजक उज्जवल निकम ने कहा कि इन आरोपियों में वे नौ आतंकवादी भी शामिल हैं जो 26-28 नवंबर 2008 में मुंबई हमलों के दौरान हुई गोलीबारी में मारे गए थे। इसके साथ ही देश में सुरक्षा बलों द्वारा गिरफ्तार किए गए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी फहीम अंसारी और सबाहुद्दीन अमहद भी शामिल हैं जिसके मामलों की सुनवाई कसाब के साथ हो रही है।
निकम ने कहा कि इन पर जो आरोप लगाए हैं उनमें भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने, भारतीय व विदेशियों की हत्या व हत्या का प्रयास, आपराधिक षडयंत्र रचने, आतंक फैलाने, भारत सरकार को अस्थिर करने और देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने आदि शामिल हैं।
मुंबई आतंकी हमलों की सुनवाई के तीसरे दिन निकम ने विशेष न्यायाधीश एम. एल. तहिलयानी की अदालत में कहा कि फहीम और सबाहुद्दीन मुंबई हमलों की साजिश में शामिल थे जो कि पाकिस्तान में रचा गया था।
उन्होंने कहा कि मालाबार हिल क्षेत्र में स्थित राजभवन भी आतंकियों के निशाने पर था।
उन्होंने कहा, "मुंबई हमलों में गिरगांव चौपाटी पर पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादी अबु इस्माइल के पास से दक्षिण मुंबई का नक्शा बरामद हुआ था।"
उन्होंने कहा कि फहीम सबाहुद्दीन से काडमांठू में मिला था जहां उसने सबाहुद्दीन को मुंबई का नक्शा सौंपा था।
इस बीच कसाब के वकील अब्बाज काजमी ने अदालत से कहा कि कसाब अदालती कार्यवाही को समझ नहीं पा रहा है। उन्होंने कहा कि कसाब केवल दो शब्द ही समझ पा रहा है 'कसाब' और 'पाकिस्तान'।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications