सऊदी अरब की यात्रा पर जाएंगी हसीना
मीडिया रपटों के अनुसार यात्रा के दौरान हसीना सऊदी अरब द्वारा बांग्लादेशी श्रमिकों के वहां जाने पर लगे कड़े प्रतिबंधों में छूट की मांग भी करेंगी क्योंकि वे श्रमिक भारी मात्रा में धन स्वदेश भेजते हैं। इस दौरान हसीना उमरा भी करेंगी जो हज के समान ही एक धार्मिक अनुष्ठान है।
इसके अलावा वह सन 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान पाकिस्तानी सैनिकों के साथ मिलकर निहत्थे लोगों व महिलाओं की हत्या, बलात्कार और लूट करने वाले युद्ध अपराधियों पर मुकदमा चलाने में भी सऊदी अरब की सहायता चाहती हैं।
देश में 1,500 से अधिक युद्ध अपराधी हैं जिनमें बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी पार्टी के शीर्ष नेता भी शामिल हैं।
समाचार पत्र 'द डेली स्टार' में सोमवार को प्रकाशित समाचार के अनुसार यात्रा के दौरान हसीना सऊदी शासक अब्दुल्लाह बिन अब्दुल अजीज अल सऊद के साथ व्यापार और निवेश के संबंध में द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगी। हसीना के साथ 35 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि हसीना की सऊदी अरब की प्रस्तावित यात्रा इससे पहले दो बार टल चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications